कोलंबो। श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के भागने की खबर आ रही है। श्रीलंका की मीडिया के अनुसार प्रदर्शनकारियों के डर से श्रीलंका के राष्ट्रपति भाग गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के आवास को भी घेर लिया है। श्रीलंका में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारी श्रीलंकाई राष्ट्रपति आवास में प्रवेश कर गए हैं।
प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के आवास में घुस गए हैं। हजारों प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड्स की परतें लगाकर किले में राष्ट्रपति भवन के मुख्य द्वार पर पहुंच गए हैं और पुलिस को इलाके से हटते देखा गया है। हवा में गोलियां चलने की आवाज सुनी जा रही थी और आंसू गैस के लगातार गोले दागे जा रहे थे।
देखने में ये दृश्य खूबसूरत लग सकता है लेकिन श्रीलंका के दुर्दिन की तस्वीरें हैं। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन में घुस गए हैं और गोटबाया राजपक्षे कहीं भाग गए हैं… एक वंशवादी राजनीति ने श्रीलंका को डूबो दिया..!!#SriLankaProtests pic.twitter.com/z3xcwVjQV4
— Naval Kant Sinha | नवल कान्त सिन्हा (@navalkant) July 9, 2022
श्रीलंका के राष्ट्रपति के भागने की खबर तब आई, जब सरकार विरोधी प्रदर्शनों से पहले कर्फ्यू हटाया गया। श्रीलंका के बार एसोसिएशन, मानवाधिकार समूहों और राजनीतिक दलों के लगातार बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने शनिवार को सरकार विरोधी प्रदर्शनों से पहले लगा कर्फ्यू हटा लिया। यह कर्फ्यू सरकार विरोधी प्रदर्शनों को रोकने के लिए लगाया गया था। राजधानी कोलंबो के साथ पश्चिमी प्रांत के सात संभागों में कर्फ्यू लगाया गया था। नेगोंबो, केलानिया, नुगेगोडा, माउंट लाविनिया, उत्तरी कोलंबो, दक्षिण कोलंबो और कोलंबो सेंट्रल में कर्फ्यू लगाया गया था।