Aparna Kumar, IPS, Uttar Pradesh

0

(News Rating Point) 22.05.2016
लखनऊ. यूपी कैडर की अपर्णा कुमार माउंट एवरेस्ट (29030 फुट) फतह करने वाली देश की पहली महिला आईपीएस अफसर बन गई हैं। शनिवार सुबह करीब 11:03 बजे उन्होंने एवरेस्ट पर तिरंगा और यूपी पुलिस का झंडा फहराया। वह पहले भी दुनिया की कई प्रमुख चोटियों पर फतह हासिल कर चुकी हैं। 2002 बैच की अफसर अपर्णा यूपी पुलिस की तकनीकी सेवा में डीआईजी के पद पर तैनात हैं। इस उपलब्धि पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी सरकार और डीजीपी जावीद अहमद ने उन्हें बधाई दी है।
नवभारत टाइम्स ने लिखा कि अपर्णा कुमार वर्ष 2002 बैच की आईपीएस अफसर हैं। वर्तमान में वह यूपी पुलिस की तकनीकी सेवा में डीआईजी के पद पर तैनात हैं। विश्व के उच्चतम शिखरों पर जीत पाने के सिलसिले की शुरुआत उन्होंने अगस्त 2014 से की। अपर्णा कुमार ने चार अगस्त 2014 को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट अलब्रस पर फतह हासिल की। वहां तापमान माइनस 15 डिग्रीसेल्यिस से भी कम था। 30 अगस्त 2014 को उन्होंने अफ्रीका के माउंट किलीमंजारो पर जीत हासिल की। सात नवंबर 2014 को अपर्णा कुमार ने ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी कारस्टेंज पिरामिड को फतह किया। 15 जनवरी 2015 में उन्होंने साउथ अमेरिका के माउंट अंकारागुआ पर तिरंगा लहराया। 26 जनवरी 2016 को उन्होंने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विनसन मासिफ पर तिरंगा लहराया। करीब 17000 फीट की ऊंचाई तक पहुंचने के लिए अपर्णा को नौ दिन लगे। अपर्णा के पति संजय कुमार आईएएस अफसर हैं और वर्तमान में डीएम इलाहाबाद के पद पर तैनात हैं। उनके दो बच्चे स्पंदना और नील हैं। अपर्णा को सरकार रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार भी दे चुकी है।
अपर्णा के अलावा पुलिस से जुड़े तीन और लोगों ने एवरेस्ट फतह किया है। इनमें तेलंगाना पुलिस की अडिश्नल एसपी आदिलाबाद जी आर राधिका का नाम सबसे ऊपर है। दो बच्चों की मां राधिका दक्षिण भारत की पहली पुलिस अफसर हैं जिन्होंने यह कारनामा किया। इसके अलावा औरंगाबाद पुलिस के कांस्टेबल रफीक शेख ने भी एवरेस्ट की ऊंचाई को छुआ। मेहेकर के एसडीपीओ एएसपी सोहेल शर्मा ने उत्तरी मार्ग से एवरेस्ट चोटी को फतह किया। वह ऐसा करने वाले पहले पुलिस अफसर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here