एनआरपी डेस्क।
लखनऊ। कूड़ा प्रबंधन के काम में लापरवाही पर लगा 56.94 करोड़ रुपये का जुर्माना जमा किए बिना ही चीनी कंपनी इकोग्रीन एनर्जी शहर से बोरिया बिस्तर समेट कर चली गई है। शहर में जिस पते पर कंपनी का ऑफिस था, अब वहां पर उसका निशान तक नहीं है। ऐसे में जुर्माने की रिकवरी करने के लिए जिला प्रशासन की टीम भटक रही है। अब उसने नगर निगम से कंपनी के उन खातों की जानकारी मांगी है जिसमें पैसा भेजा जाता था। कंपनी का पंजीकृत पता भी मांगा है। कचरा प्रबंधन योजना में ज्योति इनवायरो टेक कंपनी के फेल होने के बाद नगर निगम ने 2017 में चीनी कंपनी इकोग्रीन एनर्जी को काम दिया गया था। इस कंपनी ने करीब दो साल तो सही से काम किया था, मगर उसके बाद फर्जीवाड़ा करने लगी। लापरवाही के कारण शिवरी प्लाट पर करीब 20 लाख मीट्रिक टन कूड़े का पहाड़ बन गया।