भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान के चलते डीएम देवरिया अखबारों की खबरों में

0

एनआरपी डेस्क
देवरिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने अभियान के चलते देवरिया के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह लगातार खबरों में बने हुए हैं। पिछले दिनों उनका एक वीडियो “लूटो और जेल जाओ” वायरल हुआ था। जब देवरिया के देसही ब्लाक के बरवा ग्राम में बने नवीन पंचायत भवन का नज़ारा देख भड़क गए थे। जहां साफ नजर आ रहा था कि भवन निर्माण में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। इस बार उनके निशाने पर धान क्रय केंद्रों के कई प्रभारी बिचौलियों से साठगांठ कर बड़ा खेल रहा। खबर जानकारी में आने पर देश के प्रमुख अखबारों ने अपने स्थानीय संस्करण में इसे तरजीह देकर छापा। डीएम ने समीक्षा बैठक के दौरान जब चालाकी पकड़ी और मौके की जांच कराई तो दस जगहों पर खामियां मिलीं।
इस पर तीन क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रबल संभावना है कि जांच का दायरा आगे बढ़ने पर अभी कई जगह घपले पकड़े जाएंगे। अखबारों ने लिखा कि जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कुछ दिन पहले जनपद में धान की खरीदारी की समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान यूपीएसएस क्रय केंद्र रुस्तमपुर के ऑनलाइन आंकड़ों को डीएम ने गंभीरता से लिया। उनको बताया गया कि 1270.78 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। इसमें 242 मीट्रिक धान मिलर को भेजा गया है। 1028 मीट्रिक टन धान गोदाम में पड़ा हुआ है।
डीएम ने गोदाम की लंबाई व चौड़ाई पूछी तो उन्हें बताया गया कि 15 गुणे 12 फीट का है। इस पर डीएम ने शक जाहिर करते हुए कहा कि इतने छोटे कमरे में इतना धान कैसे रखा जा सकता है। इसी पर जिलाधिकारी ने टीम बनाकर विभिन्न धान क्रय केंद्रों के गोदामों का निरीक्षण करा दिया। इसके बाद जब टीम निरीक्षण के लिए निकली तो घपलेबाजों की परत-दर-परत पोल खुलती गई।
भाटपाररानी के परसिया छितनी सिंह धान क्रय केंद्र के गोदाम में 2158 क्विंटल और भाटपाररानी ब्लॉक गोदाम से 1048 क्विंटल, रुद्रपुर के गाजीपुर भैंसही से 354 क्विंटल, रामचक खोराराम से 384 क्विंटल, स्वीकृतपुरा से 1086 क्विंटल, बरहज के बंजरिया, भागलपुर से 3896 क्विंटल, लार में छह सौ क्विंटल धान का अंतर स्टॉक में मिला। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि धान क्रय केंद्रों से गोदाम पहुंचे धान को ठिकाने लगाने का काम किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here