एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री, कौन हैं शिंदे

0

मुंबई। एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री। इसे कहते हैं मास्टरस्ट्रोक। बीजेपी अब हर बार चौंकाती है। देवेंद्र फडणवीस ने आज एक प्रेस वार्ता में घोषणा की।

शिंदे गुट और बीजेपी के बीच ‘समझौता’ होने के बाद पहले यह माना जा रहा था कि बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस सीएम और शिंदे डिप्‍टी सीएम पद की शपथ लेंगे लेकिन फडणवीस के ऐलान ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
यह घोषणा होने के बाद एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं शहरी विकास मंत्रालय में काम कर रहा था। भाजपा के साथ हमारा प्राकृतिक गठबंधन था। बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व के विचार को लेकर हम जब बढ़े तो सरकार की तरफ से समर्थन नहीं मिला। जब विधायक कोई बात कह रहे थे उसे समझने की जरूरत थी। इतने बड़े पैमाने पर 50 लोग साथ आए। मैं खुद मंत्री था मुझे किसी बात की कमी नहीं थी लेकिन जब लोगों ने मुझे अपनी चिंता बताई तो मजबूरी में मुझे यह फैसला करना पड़ा।
शिंदे ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हमने अपना पक्ष समझाने की कोशिश की। हमें सरकार में काम करने में दिक्कत आ रही थी जिसके बारे में हमने उद्धव ठाकरे को बताया था। इस गठबंधन के बाद विधायकों को सही नहीं लग रहा था।

कौन है एकनाथ शिंदे
9 फरवरी 1964 को जन्मे एकनाथ महा विकास अघाड़ी सरकार में महाराष्ट्र के नगरविकास मंत्री थे। शिवसेना में शुरुआत से ही शामिल एकनाथ शिंदे वर्तमान में ठाणे की पछपाखडी विधानसभा सीट से विधायक हैं। महाराष्ट्र विधान सभा में लगातार चार बार साल 2004, 2009, 2014 और 2019 में एकनाथ शिंदे निर्वाचित हुए हैं।
एकनाथ शिंदे 1980 के दशक में शिवसेना सुप्रीमो बालासाहेब ठाकरे के प्रभाव में आकर शिवसेना में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें किसान नगर का शाखा प्रमुख नियुक्त किया गया। तभी से वह पार्टी के सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में सबसे आगे रहते थे।
एकनाथ शिंदे साल 2004 में ठाणे विधानसभा से चुनाव लड़ा था और भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। इससे पहले वो साल 1997 में उन्हें शिवसेना ने ठाणे नगर निगम चुनाव में पार्षद का टिकट दिया था और जीत दर्ज की। 2001 में वह ठाणे नगर निगम में सदन के नेता के रूप में चुने गए और 2004 तक इस पद पर बने रहे थे।
साल 2005 में शिवसेना ठाणे जिला प्रमुख के प्रतिष्ठित पद पर एकनाथ शिंदे को नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्होंने साल 2009, 2014 और 2019 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल किए। साल 2014 के चुनावों के बाद एकनाथ शिंदे को शिवसेना के विधायक दल के नेता और बाद में महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में चुना गया। इसके बाद राज्य सरकार में शामिल होने के बाद शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को लोक निर्माण विभाग (सार्वजनिक उपक्रम) मंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली।
सतारा जिले के पहाड़ी जवाली तालुका से आने वाले एकनाथ शिंदे ने ठाणे शहर में आने के बाद 11वीं कक्षा तक मंगला हाई स्कूल और जूनियर कालेज, ठाणे से पढ़ाई की। इसमें गौर करने वाली बात है कि लोकसभा चुनाव हो या निकाय चुनाव में हमेशा शिंदे के उम्मीदवार की ही जीत हुई है। शिवसेना के ही टिकट पर एकनाथ के बेटे श्रीकांत शिंदे भी कल्याण सीट से सांसद हैं। अक्टूबर 2014 से दिसंबर 2014 तक महाराष्ट्र विधानसभा में वे विपक्ष के नेता रहे। 2014 में ही महाराष्ट्र राज्य सरकार में PWD के कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्त हुए। 2019 में कैबिनेट मंत्री सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री (महाराष्ट्र सरकार) का पद मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here