एनआरपी डेस्क
लखनऊ। नवभारत टाइम्स ने अच्छा मुद्दा उठाया है। लखनऊ में मेट्रो आये कई साल गुजर चुके हैं लेकिन उसके नीचे कहीं भी अतिक्रमण नही है लेकिन अन्य ओवरब्रिज अतिक्रमण का शिकार हो जाते हैं। एनबीटी ने लिखा है कि मुंशी पुलिया से पॉलिटेक्निक के लिए बने नए फ्लाईओवर के नीचे अवैध कब्जे हो गए हैं। चौराहे के पास फ्लाईओवर के नीचे खानपान के ठेले-खोमचे लगने के साथ ही अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी होने लगी हैं। ऐसे में नगर निगम फ्लाईओवर के नीचे गेम जोन बनाने की योजना पर पानी फिरता दिख रहा है।
मुंशी पुलिया फ्लाईओवर के नीचे नगर निगम ने मॉडल वेंडिंग और गेम जोन बनाने की योजना तैयार की है। गेम जोन के लिए दिल्ली से आई टीम सर्वे भी कर चुकी है। नगर निगम के अफसरों के अनुसार फ्लाईओवर के नीचे मॉडल वेंडिंग और गेम जोन के साथ ही कुछ हिस्से को ग्रीन बेल्ट के तौर पर विकसित किया जाएगा। वहीं, दावों के विपरीत फ्लाईओवर के नीचे अतिक्रमण हो चुका है। खानपान की दुकानों के कारण जाम के हालात भी बनने लगे हैं।