दिल्ली। एक महीने से अधिक समय पहले दिल का दौरा पड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराए गए लोकप्रिय हास्य-अभिनेता राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। राजू को 10 अगस्त को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया था और उसी दिन उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। तब से कई बार उम्मीद जगी लेकिन वह आगे नहीं बढ़ी। अंततः बुधवार को वह नही रहे।
राजू, 1980 के दशक के अंत से मनोरंजन जगत में सक्रिय रहे हैं। उन्हें 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद काफी लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। राजू श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी हैं।